रिपोर्ताज

▼
▼

गुरुवार, 17 जुलाई 2025

चंद माहिए 109/19 [सावन पर]

क़िस्त 109: -[सावन पर]

:1: 
बारिश लगती है भली
खेल रहे बच्चे
कागज की नाव चली

:2:
सबने है ये माना
पिंजरे से इक दिन
पंछी को उड़ जाना ।

:3:
क्यॊं आँखें हैं पुरनम
लेकर चलती हो
क्यों दुनिया भर का ग़म ।

:4:
सावन भी अब बीता
आई न जब तुम तो
मौसम फ़ीका फ़ीका ।

:5:
फिर घिर आए बादल
भीगेंगा जब तन
मन फिर होगा पागल ।

-आनन्द.पाठक-

चन्द माहिये: 109/19

चंद माहिए : क़िस्त 109/19 


:1:

बदरा बरसै रिमझिम

आग लगाता है

तन में मद्धिम मद्धिम ।


:2:

शैलाब है जब आता 

बादल जब फटता

मन अपना डर जाता ।


:3:

उड़ता तेरा आँचल

नील गगन में ज्यों

उड़ता रहता बादल ।


:4:

कुछ भी ना कहती हो

अन्दर ही अन्दर 

बस घुटती रहती हो ।


:5:

क्या तुम को सुनानी है

जैसे सबकी है

अपनी भी कहानी है ।


-आनन्द.पाठक-


शनिवार, 12 जुलाई 2025

चन्द माहिए 108/18 : सावन पर

 सावन आया --- चन्द माहिए सावन पे

क़िस्त:  108/18

:1:
शिव भक्तों के दम से 
गूँज रहीं राहें
जय भोले बम बम से ।
2
सावन में मन निर्मल
काँवड़िए निकले
ले ले कर पावन जल ।
:3:
सावन में पावन काम
काँवड़ ले जाना
भोले बाबा के धाम ।
:4:
जय जय बाबा भोले 
गूँज उठा मंदिर
 जब मिल कर सब बोले ।
:5:
लेकर अपना काँवर
आया हूँ  मैं भी
भोले बाबा के घर ।

-आनन्द.पाठक 'आनन’
880092 7181


इन्ही माहिए को आ0 विनोद कुमार उप[ध्याय जी [ लखनऊ ] के स्वर में 
यहाँ सुने-
https://www.facebook.com/share/v/1M5r81jkdh/




कविता 031: एक आदमी सड़क पर-01

 [ स्व0] कवि धूमिल जी की प्रेरणा से और  क्षमा याचना सहित ]

कविता 031: एक आदमी सड़क पर---


एक आदमी सड़क पर
दूसरे आदमी को पीट रहा है।
एक तीसरा आदमी भी है
जो न पीट रहा है, न पिट रहा है
न रोक रहा है।
वह मोबाइल से *रील* बना रहा है चैन से।
मैं पूछता हूँ वह तीसरा आदमी कौन है?
समाज इस पर मौन है ।


-आनन्द.पाठक-


आ0 [स्व0] धूमिल जी की मूल कविता पाठको के अवलोकनार्थ यहाँ लगा रहा हूँ
आप भी आनन्द उठाएँ

एक आदमी
रोटी बेलता है
एक आदमी रोटी खाता है
एक तीसरा आदमी भी है
जो न रोटी बेलता है, न रोटी खाता है
वह सिर्फ़ रोटी से खेलता है
मैं पूछता हूँ--
'यह तीसरा आदमी कौन है ?'
मेरे देश की संसद मौन है।

--धूमिल -
To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp

शुक्रवार, 11 जुलाई 2025

चन्द माहिए 107/17

 चन्द माहिए : 107 /17

:1:

प्रवचन तो अच्छा है
लेकिन मन भी क्या
उतना ही सच्चा है ?

:2:
क्यों  फेर रहा माला
साफ़ ज़रा कर लें
मन पर जो पड़ा जाला

:3:
मन साध नहीं ्पाया
चंदन टीका ही
केवल तुझको भाया

:4:
कंठी टीका माला
दंड कमंडल भी
मन फिर भी है काला

:5:
दुनिया को सिखाते हो
भगवाधारी बन
खुद कब अपनाते हो ?

-आनन्द पाठक-

सोमवार, 7 जुलाई 2025

ग़ज़ल 442 [16-G) : आदमी में शौक़-ए-उल्फ़त --

 ग़ज़ल  442[16-जी] : आदमी में शौक़-ए-उलफ़त 

2122---2122---2122---212


आदमी में शौक़-ए-उल्फ़त और रहमत चाहिए
सोच में हो सादगी, दिल में दियानत चाहिए ।


जब कि चेहरे पर तुम्हारे गर्द भी है दाग़ भी

सामने जब आईना , फिर क्या वज़ाहत चाहिए 

साँस ले ले कर ही जीना ज़िंदगी काफी नहीं 
ज़िंदगी के रंग में कुछ और रंगत  चाहिए ।

अह्ल-ए-दुनिया आप की बातें सुनेगे  एक दिन
आप की आवाज़ में कुछ और ताक़त चाहिए ।

कश्ती-ए-हस्ती हमारी और तूफ़ाँ सामने

ख़ौफ़ क्या, बस आप की नज़र-ए-इनायत चाहिए

जानता हूँ ज़िंदगी की राह मुशकिल, पुरख़तर

आप की बस मेहरबानी ता कयामत  चाहिए ।


ढूँढता हर एक दिल ’आनन’ सहारा , हमनशीं
मौज-ए-दर्या को भी साहिल की कराबत चाहिए ।


-आनन्द.पाठक-


To visit my channel CLICK Link below
www.youtube.com/@33akp



बुधवार, 2 जुलाई 2025

ग़ज़ल 441-[15-जी ]: उनको अना ग़ुरूर का ऐसा चढ़ा--

 ग़ज़ल 441[15-G] : 

221---2121---1221---212


उनको अना, गुरूर का ऐसा चढ़ा नशा
ख़ुद को वो मानने लगे हैं आजकल ख़ुदा ।

हर दौर के उरूज़ का हासिल यही रहा
परचम बुलंद था जो कभी खाक में मिला ।

रुकता नहीं है वक़्त किसी शख़्स के लिए
तुम कौन तीसमार हो औरों से जो जुदा ।

जिसकी क़लम बिकी हो, ज़ुबाँ भी बिकी हुई
सत्ता के सामने वो भला कब हुआ खड़ा ।

जो सामने सवाल है उसका न ज़िक्र है
बातें इधर उधर की वो कब से सुना रहा ।

क़ायम है ऎतिमाद तो क़ायम है राह-ओ-रब्त
वरना तो आदमी न किसी काम का हुआ ।

’आनन’ ज़रा तू सोच में रद्द-ओ-बदल तो कर
फिर देख ज़िंदगी  कभी  होती नहीं  सज़ा ।



-आनन्द.पाठक-

शब्दार्थ 
उरूज़ = उत्त्थान, विकास

ऎतिमाद = विश्वास , भरोसा

राह-ओ-रब्त = मेल जोल, मेल मिलाप, दोस्ती

To visit my channel CLICK Link below