शुक्रवार, 5 जुलाई 2024

ग़ज़ल 394 [57 फ़] : मचा के शोर मुझे चुप करा नहीं सकते


ग़ज़ल 394 [57फ़]

1212---1122---1212---112/22


मचा के शोर मुझे चुप करा नहीं सकते
पहाड़ फूँक से ही तुम उड़ा नहीं सकते

ग़रूर है ये तुम्हारा , तमीज़ का परचम
दिखा के आँख मुझे तुम डरा नहीं सकते 

नहीं वो पेड़ जो  गमलों में, नरसरी में पले
वो शाख हैं कि हमें तुम झुका नहीं सकते ।

ये झूठ का जो पुलिंदा लिए हुए सर पे
पयाम सच का मेरे तुम दबा नहीं सकते

सवाल ये है कि सुनना न मानना है तुम्हें
दिमाग़ में जो तुम्हारे मिटा नहीं सकते ।

वो हार कर भी सबक कुछ न सीख पाया है
नहीं है सीखना जिसको सिखा नहीं सकते ।

जवाब सुन के भी वह सुन सका नहीं ’आनन’
जो कान बंद किए हो , सुना नहीं सकते।

-आनन्द.पाठक-

कोई टिप्पणी नहीं: