शनिवार, 2 अक्टूबर 2010

एक ग़ज़ल 021[46 A] : लहरों के साथ वो भी..

   मफ़ऊलु-फ़ाइलातुन--// मफ़ऊलु --फ़ाइलातुन
   221-------2122-----//    221-- -------2122
बह्र-ए-मुज़ारिअ’ मुसम्मन अख़रब 
--------------------
ग़ज़ल 021[46 A] :लहरों के साथ ....ओके

लहरों के साथ जो भी बहने लगे लहर में ,
ऐसे ही लोग क़ाबिल समझे गए सफ़र में ।

वह आम आदमी है, चर्चा नही है उसका
कुछ ख़ास हस्तियाँ ही छाईं रहीं ख़बर में ।

दीवार पर लिखे कुछ नारों-सा मिट गया वह ,
जो कुछ वज़ूद था भी आकर मिटा नगर में ।

हम एक दूसरे से क्यों ख़ौफ़ खा रहे हैं ,
खंजर छुपा के चलते जब सब है रहगुज़र में ?

साँपों की बस्तियों में इक खलबली मची है
क्या आदमी नगर का फिर आ गया नज़र में ?

दिल नातवान मेरा, कैसे करे भरोसा , 
बदनीयती के मारे, सब हिर्स के असर में ।
 
आँखों में भर के आँसू ,लब पर दुआ की बातें ,
डर है यही कि ’आनन’ डँस ले न वो डगर में ।

-आनन्द.पाठक ’आनन’-
880092-7181

To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp




रविवार, 19 सितंबर 2010

एक ग़ज़ल 020[29 A] : संदिग्ध आचरण है ...


मफ़ऊलु---फ़ाइलातुन---// मफ़ऊलु----फ़ाइलातुन
221-           2122  -------// 221--------------2122
मज़ारिअ’ मुसम्मन अख़रब
-------------------------------------
एक ग़ज़ल 020[29 A] : संदिग्ध आचरण है ......

संदिग्ध आचरण है , खादी का आवरण है
’रावण’ कहाँ मरा है ,’सीता’ का अपहरण है

जो झूठ के हैं पोषक ,दरबार में प्रतिष्ठित
जो सत्य के व्रती हैं ,वनवास में मरण है

शोषित,दलित व पीड़ित,मन्दिर कभी व मस्ज़िद
नव राजनीति का यह, संक्षिप्त संस्करण है

ज़िन्दा कभी बिका तो ,कौड़ी में दो बिकेगा
अनुदान लाश पर है ,भुगतान का हरण है

सरकार मूक दर्शक ,शासन हुआ अपाहिज
सब तालियाँ बजाते भेंड़ों सा अनुसरण है

’रोटी’ की खोजना था ,’अणु-बम्ब’ खोजते हैं
इक्कीसवीं सदी में दुनिया का आचरण है

हर शाम थक मरा हूँ ,हर सुबह चल पड़ा हूँ
मेरी जिजीविषा ही , आशा की इक किरण है

-आनन्द पाठक ’आनन’

880092 7181


To visit my channel CLICK the LINK below
www.youtube.com/@33akp




शनिवार, 11 सितंबर 2010

एक ग़ज़ल 019 [08 A] : वह उसूलों पर चला है ....

ग़ज़ल  019 [08 A]--ओके

फ़ाइलातुन --फ़ाइलातुन--फ़ाइलुन
2122---2122----212
बह्र-ए-रमल मुसद्द्स महज़ूफ़
-----------------------------------------
एक ग़ज़ल : वह उसूलों पर चला है......

वह उसूलों पर चला है उम्र भर
साँस ले ले कर मरा है उम्र भर

जुर्म उसका ये कि सच है बोलता
कटघरे में जो खड़ा है उम्र भर

पात केले की तरह संवेदना
वो बबूलों पर टँगा है उम्र भर

मुख्य धारा से अलग धारा रही
अपनी दुनिया में जिया है उम्र भर

वह भरोसा कर सदा मरता रहा
अपने लोगों ने छला है उम्र भर

घाव दिल के जो दिखा पाता अगर
स्वयं से कितना लड़ा है उम्र भर

राग दरबारी न ’आनन’ गा सका
इसलिए सूली चढ़ा है उम्र भर



-आनन्द पाठक ’आनन’-
880092 7181

To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp





रविवार, 22 अगस्त 2010

एक ग़ज़ल 018 : न पर्दा उठेगा .....

फ़ेलुन---फ़ेलुन--फ़ेलुन--फ़ेलुन
122    -----122----122----122
बह्र-ए-मुतक़ारिब मुसम्मन सालिम
-----------------

एक ग़ज़ल 018  ; न पर्दा उठेगा ....

न पर्दा उठेगा , न दीदार होगा
तो सज्दा तेरे दर पे सौ बार होगा

तेरे अंजुमन में हमीं जब न होंगे
तो फिर कौन हम-सा तलबगार होगा

बहुत दिन हुए हैं कि हिचकी न आई
यक़ीनन मेरा यार बेजार होगा

मुहब्बत है कोई तमाशा नहीं ये
सरेआम मुझसे न इजहार होगा

दिल-ए-नातवाँ क्यों तू घबरा रहा है ?
मसीहा है ख़ुद वो, न बीमार होगा

जो पर्दा उठेगा तो दुनिया कहेगी
ज़माने में ऐसा कहाँ यार होगा !

वो जिस दिन मेरा हमसफ़र होगा ’आनन’
सफ़र ज़िन्दगी का न दुश्वार होगा

-आनन्द पाठक ’आनन’
880092 7181




To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp


शुक्रवार, 30 जुलाई 2010

एक ग़ज़ल 017 : चलो छोड़ देंगे .....

फ़ऊलुन---फ़ऊलुन--फ़ऊलुन--फ़ऊलुन
122----------122-------122-------122
बह्र-ए-मुतक़ारिब मुसम्मन सालिम
-------------------------------------------

एक ग़ज़ल 017 : चलो छोड़ देंगे......

चलो छोड़ देंगे क़राबत की बातें
मगर कैसे छोड़ेंगे उल्फ़त की बातें ?

ये तर्क-ए-मुहब्बत की बातें ,ख़ुदाया !
क़यामत से पहले क़यामत की बातें

कहाँ ज़िन्दगानी में मिलता है कोई
जो करता हो दिल से रफ़ाक़त की बातें

कभी आस्माँ से उतर आइए तो
करेंगे ज़मीनी हक़ीक़त की बातें

जिसे गुफ़्तगू का सलीक़ा नहीं है
वो ही कर रहा है ज़हानत की बातें

अजी !छोड़िए भी यह शिकवा शिकायत
कहीं बैठ करते है चाहत की बातें

अरे! रिन्द "आनन" को क्या हो गया है!
कि ज़ाहिद से करता है जन्नत की बातें

-आनन्द.पाठक--

क़्रराबत =समीपता ,साथ-साथ उठना बैठना
तर्क-ए-मुहब्बत= मुहब्बत छोड़ना
रफ़ाकत =दोस्ती
रिन्द =मद्दप/शराबी

To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp






शनिवार, 17 जुलाई 2010

ग़ज़ल 016 : तुम को खुदा कहा है .....

मफ़ऊलु---फ़ाइलातुन---// मफ़ऊलु----फ़ाइलातुन
221--------------2122   // 221-----------2122
बह्र-ए-मज़ारि’अ मुसम्मन अख़रब
-------------------------------------
ग़ज़ल 016 : 

तुमको ख़ुदा कहा है,  किसने ? पता नहीं है
दिल ने न कह दिया हो !,  मैने कहा नहीं है

दर पर तेरे न आऊँ ,सर भी नहीं झुकाऊँ !
दुनिया में आशिक़ी की ,ऐसी सजा नहीं है

पुरतिश्नगी ये मेरी ,जल्वा नुमाई तेरी
मेरी ख़ता भले हो , तेरी ख़ता नहीं है

कब ये जुबाँ खुली है ,तेरी सितमगरी से
ऐसा कभी न होगा ,ऐसा हुआ नहीं है

वो इश्क़ के सफ़र का ,राही नया नया है
आह-ओ-फ़ुगाँ ,जुनूँ की, हद जानता नहीं है

ऐसा नहीं है कोई ,जो इश्क़ का न मारा
जिसकी न आँख नम हो ,जो ग़मजदा नहीं है

उल्फ़त का ये सफ़र भी,  कैसा अजब सफ़र है!
जो एक बार जाता  , वो लौटता नहीं है

किसके ख़याल में तुम, यूँ गुमशुदा हो ’आनन’?
उल्फ़त की मंज़िलों का, तुमको पता नहीं है

-आनन्द.पाठक ’आनन’-


To visit my channel CLICK the link below




शुक्रवार, 2 जुलाई 2010

ग़ज़ल 015 : ग़म-ए-दौराँ से.....

मफ़ाईलुन--मफ़ाईलुन--फ़ऊलुन
1222--------1222------122
बह्र-ए-हज़ज मुसद्दस सालिम महज़ूफ़
----------------------------
ग़ज़ल 015 : ग़म-ए-दौराँ से .....

ग़म-ए-दौराँ से मेरा सिलसिला है
तुझे ऐ ज़िन्दगी ! फिर क्या गिला है?

वो जिसके इश्क़ में दिल मुब्तिला है
वही अबतक कहाँ मुझको मिला है?

तुम्हारे हुस्न का ही यह असर है
कि दिल में इश्क़ का गुंचा खिला है ।

 मेरे सर से तुम्हारी आस्ताँ तक
तुम्हीं कह दो कि कितना फ़ासिला है ?

तेरी जानिब से तूफ़ान-ए-जफ़ा हैं
मेरी जानिब चिराग़-ए-हौसिला है

नज़र आती नहीं मंज़िल कहीं भी
अजब ये ज़िन्दगी का क़ाफ़िला है?

हमें दुनिया से क्या लेना है "आनन"!
हमें तुम मिल गए , सब कुछ मिला है


-आनन्द.पाठक ’आनन’-
880092 7181




To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp

शनिवार, 19 जून 2010

एक ग़ज़ल 014 : जहां भी तुम्हारे सितम ....

फ़ऊलुन ---फ़ऊलुन---फ़ऊलुन--फ़ऊलुन
122-----------122---------122--------122
बह्र-ए-मुतक़ारिब मुसम्मन सालिम
------------------------------

ग़ज़ल 014 : जहाँ भी तुम्हारे सितम .....ओके

जहाँ भी तुम्हारे सितम बोलते हैं
वहीं फिर हमारे क़लम बोलते हैं

 इजाज़त नहीं है ,जहाँ बोलने की
निगाहों से रंज-ओ-अलम बोलते हैं

ज़माने को ठोकर में रखने की चाहत
ये मन के तुम्हारे भरम बोलते हैं

जिधर से है गुज़री शहीदों की टोली
उधर उनके नक़्श-ए-क़दम बोलते हैं

किसी बेजुबाँ की जुबाँ बन के देखो
शब-ओ-रोज़ क्या अश्क-ए-नम बोलते हैं

जहाँ सर झुकाया ,वहीं काबा ,काशी
मुहब्बत में दैर-ओ-हरम बोलते हैं

बड़ी देर से है अजब हाल "आनन"
न वो बोलते हैं ,न हम बोलते हैं

-आनन्द.पाठक ’आनन’-



To visit my channel CLICK the Link below



शनिवार, 5 जून 2010

एक ग़ज़ल 013 : लबों पर दुआएं..........

फ़ऊलुन---फ़ऊलुन---फ़ऊलुन---फ़ऊलुन
122---------122--------122--------122
बह्र-ए-मुतक़ारिब मुसम्मन सालिम
----------------------------------------------


ग़ज़ल  013 :लबों पर दुआएं....

लबों पर दुआएं , पलक पर नमी है
बता ज़िन्दगी! अब तुझे क्या कमी है?

हज़ारों मसाइल ,हज़ारों मसाइब
मगर फिर भी ज़िन्दा यहाँ आदमी है

मेरी मुफ़लिसी पे तरस खाने वालों
तुम्हारा यह रोना फ़क़त मौसमी है

हवादिस में जीना ,हवादिस में मरना
ग़रीबों को क्या बस यही लाजिमी है ?

कहीं उठ रहा है धुआँ गाहे गाहे
लगी आग दिल की न अबतक थमी है

चलो प्यार का एक पौधा लगाएं
यहाँ की ज़मी में अभी भी नमी है

उसी से मुख़ातिब ,उसी के मुख़ालिफ़
ये "आनन" का रिश्ता अजब बाहमी है

-आनन्द
मसाइल =समस्यायें
मसाइब =मुसीबतें
हवादिस =हादसे
  

To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp



शनिवार, 22 मई 2010

ग़ज़ल 012[09] : जूनून-ए-इश्क में हमनें ......

मफ़ाईलुन---मफ़ाईलुन---मफ़ाईलुन---मफ़ाईलुन
1222----------1222---------1222------1222
बह्र-ए-हज़ज मुसम्मन सालिम
-------------------------------
एक ग़ज़ल 012--

जुनून-ए-इश्क़ में हमने न जाने क्या कहा होगा !
थे इतने बेख़ुदी में गुम कि हम को क्या पता होगा

मैं अपने इज़्तिराब-ए-दिल को समझाता हूँ रह रह कर
कि जितना चाहता हूँ  ,वो भी  उतना  चाहता होगा

नशा ऐसा चढ़े उल्फ़त का, फिर उतरे नहीं , मौला !
उतर जाए अगर तो फिर नशा वह क्या नशा होगा

हमें मालूम है नाकामी-ए-दिल, हसरत-ए-उल्फ़त
हमें तो आख़िरी दम तक वफ़ा से वास्ता होगा

सभी तो रास्ते जाते तुम्हारी ही गली को हैं
वहाँ से लौट आने का न कोई रास्ता होगा

ख़याल-ओ-ख़्वाब में जिस के, कटी ये ज़िन्दगी अपनी
मैं उसको जानता हूँ, क्या वो मुझको  जानता होगा ?

जो उसको ढूँढने निकला ,तो खुद ही खो गया"आनन"
जिसे ख़ुद में नहीं पाया , वो बाहर ला-पता होगा

-आनन्द.पाठक ’आनन’-

इज़्तिराब-ए-दिल = दिल की बेचैनी/बेचैन दिल

To visit  my channel CLICK the Link below

www.youtube.com/@33akp

T

To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp


शनिवार, 15 मई 2010

एक ग़ज़ल 011 : यहाँ लोगो की आँखों में .....

बह्र-ए-हज़ज मुसम्मन सालिम
मुफ़ाईलुन----मुफ़ाईलुन---मुफ़ाईलुन---मुफ़ाईलुन
1222     ------1222---------1222---------1222
----------------------------------------------------
ग़ज़ल 011-

यहाँ लोगों की आँखों में नमी मालूम होती है |
नदी इक दर्द की जैसे रुकी मालूम होती है |

हज़ारों मर्तबा दिल खोल कर बातें कही अपनी,
मगर हर बार बातों में कमी मालूम होती है |

चलो रिश्ते पुराने फिर से अपने गर्म कर आएं ,
दुबारा बर्फ की चादर तनी मालूम होती है |

दरीचे खोल कर देखो कहाँ तक धूप चढ़ आई,
हवा इस बन्द कमरे की थमी मालूम होती है |

हमारे हक़ में जो आता है कोई लूट लेता है,
सदाक़त में भी अब तो रहज़नी मालूम होती है |

तुम्हारी "फ़ाइलों" में क़ैद मेरी ’रोटियां’ सपने,
मेरी आवाज़ "संसद" में ठगी मालूम होती है |

उमीद-ओ-हौसला,हिम्मत अभी मत छोड़ना "आनन"
सियाही रात में कुछ रोशनी मालूम होती है

-आनन्द पाठक ’आनन’-




To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp




रविवार, 2 मई 2010

एक ग़ज़ल 010 : रकीबों से क्या आप ......

बह्र-ए-मुतक़ारिब मुसम्मन सालिम
फ़ऊलुन---फ़ऊलुन---फ़ऊलुन--फ़ऊलुन
122--------122--------122----------122
--------------------------------
 ग़ज़ल 010--

रक़ीबों से क्या कुछ वो फ़रमा रहे हैं !
हमें देख कर और घबरा रहे हैं

इलाही! मेरे यह  अदा कौन उनकी
कि छुपते हुए भी नज़र आ रहे हैं

उन्हें आईना क्या ज़रा सा दिखाया
वो पत्थर उठाए इधर आ रहे हैं

सुनाया जो उनको ग़मों का फ़साना
वह झुझँला रहे है, वो शरमा रहे हैं

मुहब्बत का हासिल है आह-ओ-फ़ुगाँ बस
ये कह कह के हम को वो समझा रहे हैं

बना कर बहाने वो झूठी कहानी
सुना कर हमे कब से बहला रहे हैं ।

कहानी पुरानी है उल्फ़त की "आनन्"
हमी तो नहीं है  जो दुहरा रहे हैं

-आनन्द पाठक-


To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp



रविवार, 7 फ़रवरी 2010

गीत 024 : जिसने मुझे बनाया...[भाग 02]

गीत 024: जिसने मुझे बनाया [ भाग-02]

जिसने मुझे बनाया ,उसका ही गीत गाया
दरबारियों के आगे कभी सर नहीं झुकाया

मिट्टी सा भुरभुरा तन किसके लिए सजाया
यह कब रहा था अपना जो अब हुआ पराया
पानी के बुलबुले पर तस्वीर ज़िन्दगी की
किसने अभी उकेरा किसने अभी मिटाया

इस दिल के आइने पर जो गर्द सी जमी है
जब भी हटा के देखा तेरा ही रूप पाया

जब तक रही थीं साँसे सब लोग थे दिवाने
दो साँस कम हुई क्या अपने हुए बेगाने
जीने की हड़बड़ी में ,कुछ जोड़-तोड़ पाया
रह जाएंगे यहीं सब मेरे भरे ख़ज़ाने

जब आप ने बुलाया ,बिन पाँव दौड़ आए
अफ़सोस बस यही है कुछ साथ ला न पाया

छोटी सी ज़िन्दगी थी सपने बड़े-बड़े थे
कुछ पाप-पुण्य क्रम थे हम बीच में खड़े थे
कभी सत्य के मुकाबिल रही झूठ की गवाही
अन्दर से क्षत-विक्षत थे जो उम्र भर लड़े थे

इस रास्ते से जाते देखा किए सभी को
इस रास्ते से वापस आते न देख पाया

-आनन्द पाठक ’आनन’
880092 7181



रविवार, 17 जनवरी 2010

एक ग़ज़ल 009[06] :आंधियों से न कोई गिला कीजिए ...

बह्र-ए-मुतदारिक मुसम्मन सालिम
फ़ाइलुन---फ़ाइलुन---फ़ाइलुन---फ़ाइलुन
212--------212-----------212-----212
-----------------------------
ग़ज़ल 009--

आँधियों से न कोई गिला कीजिए
लौ दिए की बढ़ाते रहा कीजिए

सर्द रिश्ते भी इक दिन पिघल जाएंगे
गुफ़्तगू का कोई सिलसिला कीजिए

दर्द-ए-जानां भी है,रंज-ए-दौरां भी है
क्या ज़रूरी है ख़ुद फ़ैसला कीजिए

मैं वफ़ा की दुहाई तो दूंगा  नहीं
आप जितनी भी चाहे जफ़ा कीजिए

हमवतन आप हैं ,हमज़बां आप हैं
दो दिलों में न यूँ फ़ासला कीजिए

आप आएँ न आएँ अलग बात है
पर मिलन का भरम तो रखा कीजिए

आप गै़रों में  इतने न मस्रूफ़ हों
आप ’आनन’ से भी तो मिला कीजिए

-आनन्द.पाठक -

इस गीत को मेरे यू-ट्यूब्चनेल चैनेल आवाज़ का सफ़र में सुने--



इसी ग़ज़ल को आ0 विनोद कुमार उपाध्याय जी के आवाज़ में फ़ेसबुक पर यहाँ सुनें--


रविवार, 10 जनवरी 2010

विविध 02:: एक सूचना :उर्दू से हिंदी ब्लाग के बारे में

विविध 02:: एक सूचना -उर्दू से हिंदी

मित्रो 
आप लोगों की सुविधा के लिए मैने एक ब्लाग बनाया है जिसक एड्रेस लिंक नीचे लगा दिया है

www.urdu-se-hindi.blogspot.com

इस ब्लाग का मक्सद फ़कत इतना है कि उर्दू अदब में आजकल जो लिखा/पढ़ा जा रहा है या जो सरगर्मियाँ उधर हैं उन्हे अपने हिन्दीदाँ दोस्तों को ज़ियादा से ज़ियादा वाक़िफ़ कराना है जो हिन्दी में लिखते-पढ़ते हैं और उर्दू से मोहब्बत है उर्दू के अदब आश्ना हैं.
इन्टरनेट पर बहुत सी मयारी(स्तरीय) उर्दू महफ़िलें/बज़्म/अन्जुमन/मज़लिस वगै़रह चलती है जिसमें शे’र-ओ-शायरी,बेतबाज़ी ,सौती मुशायरा ,तेहरीर.तब्सरा,मज़ामीन,नग्में ,तन्ज़-ओ-मज़ाह,अफ़्साने ,दिल्चस्प किस्से वगै़रह आते-रहते है मगर हम हिन्दी वालों की दुश्वारी यह कि इसके बेशीतर काम या तो उर्दू स्क्रिप्ट में होते हैं या रोमन उर्दू में होते हैं, जिससे हमारे हिन्दीदाँ दोस्त उर्दू की खूबियों से वाकिफ़ और लुत्फ़-अन्दोज़ नहीं हो पाते हैं.इस साइट का मक़्सद ऐसे ही कामों को हिन्दी (देवनागरी) स्क्रिप्ट में नक़्ल-ए-तहरीर (ट्रान्सलिटरेशन) करने का है और ऐसे ही दिलचस्प काम हिन्दी दुनिया के मंजरे-आम पे लाना है
मैनें एक ब्लाग www.urdu-se-hindi.blogspot.com बनाया है जहाँ आप का ख़ैरमक़्दम(स्वागत) है
कभी तशरीफ़ लाएं

आनन्द.पाठक
------   ---   ----
नोट : मित्रो ! अब यह ब्लाग मैने बंद कर दिया है। अब इसकी जगह  उर्दू बह्र पर एक बातचीत -के नाम से आप की खिदमत के लिए  बना दिया है जिसमें  ग़ज़ल के बहूर और अरूज़ पर बातचीत की है। जिसका लिंक नीचे दे दिया है


सादर
-आनन्द.पाठक [ दिनांक 24-02-25]

शुक्रवार, 8 जनवरी 2010

गीत 023 : जिसने मुझे बनाया ....[भाग01]

एक गीत  023: जिसने मुझे बनाया ........


जिसने मुझे बनाया ,उसका ही गीत गाया
दरबारियों की आगे कभी सर नही झुकाया

दुनिया ने मुझसे चाहा दिल वो ग़ज़ल सुनाए
तिरी नील-झील आँखें दिल डूब -डूब जाए
कैसे उन्हें भुला दूँ दो रोटियों के बदले
मासूम नन्हीं बच्ची बाजार बेंच आए

दो दिल के बीच में जो दीवार नफ़रती थी
इल्जाम सर पे मेरे मैं क्यों गिरा कर आया

सपने दिखा दिखा कर पहुँचा वह ’राजपथ’ पर
अब सो गया है ’बुधना’ सब देख देख थक कर
उसका हुनर तरीका जादू से कम नहीं है
ख़ुद काँच के मकां में ,औ" दूसरों पे पत्थर

वह भोर होते होते मिरा घर जला चुकेगा
कल शाम जिसकी हाथों देकर चिराग आया

उसको भरम यही है ,मुट्ठी में है ज़माना
"एकोऽहम" के आगे किसी और को न माना
चाँदी की तश्तरी में सोने की लेखनी ले
क्या चाहता है मुझसे क्या चाहता लिखाना ?

जिन पत्थरों के दिल में कहीं निर्झरी नहीं थी
उन पत्थरों के आगे दुखड़ा नहीं सुनाया

-आनन्द पाठक ’आनन’-
880092 7181