शनिवार, 13 जनवरी 2024

ग़ज़ल 352 [28F] : नहीं वो बात रही--

 ग़ज़ल 352[28F]

1212---1122---1212---22


नहीं वो बात रही, क्या करूँ गिला कोई,
तेरे ख़याल में अब और आ गया  कोई ।

मिले जो आज तलक सबकी थी गरज अपनी
गले लगा ले जो मुझको,नहीं मिला कोई ।

दयार आप का हो या दयार-ए-यार कहीं ,
निगाह-ए-पाक ने कब फर्क है किया कोई !

करम हो आप का जिस पर वो ख़ुश रहा, वरना
अजाब-ए-सख़्त के कब तक यहाँ बचा कोई ।

ज़ुबान बेच दी जिसने खनकते सिक्कों पर
गिरा जो ख़ुद की नज़र से न उठ सका कोई ।

कहाँ कहाँ से न गुज़रे तलाश-ए-हक़ में, हम
सही मुक़ाम न अबतक कहीं मिला कोई ।

सफ़र हयात का अब ख़त्म हो रहा ’आनन’
उफ़ुक़  के पार से मुझको बुला रहा कोई ।


-आनन्द.पाठक-

सं 29-06-24

उफ़ुक़ = क्षितिज

कोई टिप्पणी नहीं: