शुक्रवार, 15 मार्च 2024

ग़ज़ल 357[33F]: चिराग़-ए-इश्क़ मेरा

 ग़ज़ल 357[33F]

1212---1122---1212---22-


चिराग़-ए-इश्क़ मेरा यूँ बुझा नहीं होता
नज़र से आप की जो मैं गिरा नहीं होता ।

क़लम न आप की बिकती, न सर कभी झुकता
जमीर आप का जो गर बिका नहीं  होता ।

शरीफ़ लोग भी तुझको कहाँ नज़र आते ,
अना की क़ैद में जो तू रहा नहीं  होता ।

वहाँ के हूर की बातें मैं  क्या सुनूँ ,ज़ाहिद !
यहाँ की हूर में भी, हुस्न क्या नही होता ?

सफ़र तवील था, कटता भला कहाँ मुझसे
सफ़र की राह में जो मैकदा नहीं होता ।

मेरे गुनाह मुझे कब कहाँ से याद आते
जो आस्तान तुम्हारा दिखा नहीं होता ।

तुम्हारे बज़्म तक ’आनन’ शरीक हो जाता
ख़याल-ए-ख़ाम में जो दिल फँसा नहीं होता ।


-आनन्द.पाठक- 

सं 29-06-24

कोई टिप्पणी नहीं: