शनिवार, 27 जून 2020

ग़ज़ल 151 : आई ख़बर इधर नई ---

बह्र  मुज़ारे’ मुसम्मन अख़रब मक्फ़ूफ़ महज़ूफ़
मफ़ऊलु---फ़ाइलातु----मफ़ाईलु----फ़ाइलुन
221   -----2121-------1221-------212
----------------------
एक ग़ज़ल : आई ख़बर इधर नई --

आई इधर ख़बर नई कल हुक्मरान से ,
"टी0वी0 पे जो दिखा रहे हैं देख ध्यान से "।

सच बोलना मना है, सियासत का हुक्म है,
कर दूँ जुबान बन्द कि जायेगा जान से ?

खूरेज़ हो रही कहो आदम की नस्ल क्यों ?
क्या है यही नविश्त, मिटेगी जहान से ?

ग़मनाक हो रही है ख़ुदाई तेरी , ख़ुदा !
 जहमत उठा के देखता जो आसमान से

जंग-ओ-जदल से कुछ नहीं हासिल हुआ कभी,
निकलेगा कोई रास्ता अम्न-ओ-अमान से ।

हर शख़्स मोतबर नहीं , ना ही अमीन है ,
इक दिन मुकर वो जाएगा अपनी जुबान से ।

’आनन’ तेरे जमीर से हासिल हुआ भी क्या ?
कुछ हैं जमीर बेच के रहते हैं  शान से

-आनन्द पाठक-
 शब्दार्थ
ग़मनाक = कष्ट्पूर्ण
ख़ूरेज़ = खून बहाने वाला ,ख़ूनी
नविश्त = [भाग्य ] लेख
जंग-ओ-जदल से =युद्ध से
अम्न-ओ-अमन = शान्ति से
मोतबर = विश्वस्त
अमीन =ईमानदार

TO visit my channel CLICK the Link below

मंगलवार, 23 जून 2020

ग़ज़ल 150 फ़ुरसत कभी मिलेगी ---

बह्र 221---2121---1221-----212
बह्र-ए-मुज़ारे  मुसम्मन मक्फ़ूफ़ मह्ज़ूफ़
मफ़ऊलु---फ़ाइलातु------मफ़ाइलु---फ़ाइलुन
------------------

ग़ज़ल 150 फ़ुरसत कभी मिलेगी ---

फ़ुरसत कभी मिलेगी जो कार-ए-ज़हान से ,
आऊँगा तेरे दर पे कभी इतमिनान  से  ।   

हुस्न-ओ-जमाल का भले दीदार हो न हो ,
ख़ुशबू चलो कि आ रही तेरे मकान  से ।

अपनी अना में ख़ुद ही गिरफ़्तार हो गया ,
निकला भी नहीं था  अभी गर्द-ए-गुमान से ।

ये दर्द बेसबब तो नहीं , जानता है तू  ,
वाक़िफ़ नहीं तू क्या मिरे आह-ओ-फ़ुगान से ?

तौफ़ीक़ दे ख़ुदा कि मैं बाहर निकल सकूँ  ,
हर रोज़ ज़िन्दगी के कड़े  इम्तिहान  से  ।

जो भी है मेरा दर्द  तेरे सामने रहा ,
मैं क्या बयान खुद करूँ अपनी ज़ुबान से ।

बस भाग दौड़ में रहा ’आनन’ तू मुब्तिला ,
बेरब्त हो गया है तू दीन-ओ-इमान  से     ।

-आनन्द.पाठक-

शब्दार्थ
कार-ए-जहान  से=  दुनिया के कामों से
हुस्न-ओ-जमाल का = रूप सौन्दर्य का
अना = अहम ,घमंड
गर्द-ए-गुमान = ग़लत धारणा के गर्द से
आह-ओ-फ़ुगान  से= आर्तनाद से
त्तौफ़ीक़ दे = शक्ति दे
मुब्तिला      =ग्रस्त
बेरब्त = असंबद्ध
To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp

इसी ग़ज़ल को सुनें मेरी आवाज़ में---

ग़ज़ल 149 : मुहब्बत जाग उठी दिल में --

बह्र-ए-हज़ज मुसम्मन सालिम
मफ़ाइलुन--मफ़ाइलुन--मफ़ाइलुन--मफ़ाइलुन
1222-------1222------1222-----1222
-----------------------
ग़ज़ल  : मुहब्बत जाग उठी दिल में --

मुहब्बत जाग उठी दिल में ,ख़ुदा की यह इनायत है ,
इसे रुस्वा नहीं करते ,अक़ीदत है , इबादत है    ।

जफ़ा वो कर रहें मुझ पर ,दुआ भी कर रहें मेरी ,
ख़ुदा जाने इरादा क्या ,ये नफ़रत है कि उल्फ़त है ?

मरासिम ही  निभाने हैं ’हलो’ या ’हाय’ ही कह कर ,
अगर वाज़िब समझते हो ,हमें फिर क्या शिकायत है ।

ज़माने की हवाओं से  मुतस्सिर हो गए तुम भी ,
न अब वो गरमियाँ बाक़ी न पहली सी रफ़ाक़त है ।

कहाँ ले कर मैं जाऊँगा  ,ये अपना ग़म तुम्हीं कह दो ,
तुम्हारा दर ही काबा है ,यही अपनी ज़ियारत है  ।  

रकीबों के इशारों पर ,नज़र क्यों फेर ली तुम ने?
हमीं से पूछ लेते  तुम -’ कहो ! क्या क्या शिकायत है ?’ 

इधर मैं जाँ ब लब ’आनन’ उधर वो रंग-ए-महफ़िल में ,
यही हासिल मुहब्बत का , हसीनों की  रवायत है  ।   

-आनन्द.पाठक-


मरासिम - रस्में
मुतासिर = प्रभावित
रफ़ाक़त =दोस्ती
जाँ ब लब = मरणासन्न स्थिति
To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp