मंगलवार, 28 मार्च 2017

चन्द माहिया : क़िस्त 35

चन्द माहिया : क़िस्त 35 ओके

:1:
सजदे में इधर हैं हम
और उधर दिल है
दर पर तेरे जानम

;2;
जब से है तुम्हें देखा
दिल ने कब मानी
कोई लछ्मन- रेखा

:3:
क्या बात हुई ऐसी
 दिल में अब तेरे
चाहत न रही वैसी

:4:
समझो न कि पानी है 
क़तरा आँसू का
ख़ुद एक कहानी है

:5:
इक राह अनोखी है
जाना है सब को
पर किसने देखी है



-आनन्द.पाठक-
[सं 13-06-18]

रविवार, 12 मार्च 2017

गीत 061 :लगा दो प्रीति का चन्दन ...

मंच के सभी सदस्यों /मित्रों को इस अकिंचन का होली की बहुत बहुत शुभकामनायें ---इस गीत के साथ


लगा दो प्रीति का चन्दन प्रिये ! इस बार होली में 
महक जाए ये कोरा तन-बदन इस बार होली में 

ये बन्धन प्यार का है जो कभी तोड़े से ना टूटे
भले ही प्राण छूटे पर न रंगत प्यार की  छूटे
अकेले मन नहीं लगता प्रतीक्षारत खड़ा हूँ मैं
प्रिये ! अब मान भी जाओ हुई मुद्दत तुम्हे रूठे

कि स्वागत में सजा रखे  हैं बन्दनवार होली में 
जो आ जाओ महक जाए बदन इस बार होली में

सजाई हैं रंगोली  इन्द्रधनुषी रंग भर भर कर
मैं सँवरी हूँ तुम्हारी चाहतों को ध्यान में रख कर
कभी ना रंग फ़ीका हो सजी यूँ ही रहूँ हरदम
समय के साथ ना धुल जाए यही लगता हमेशा डर

निवेदन प्रणय का कर लो अगर स्वीकार होली में
महक जाए ये कोरा तन-बदन इस बार  होली  में

ये फागुन की हवाएं है जो छेड़ें प्यार का सरगम
गुलाबी हो गया  है  मन ,शराबी  हो गया  मौसम
नशा ऐसा चढ़ा होली का ख़ुद से बेख़बर हूँ  मैं
कि अपने रंग में रँग लो मुझे भी ऎ मेरे ,हमदम !

मुझे दे दो जो अपने प्यार का उपहार होली में 
महक जाए ये कोरा तन-बदन इस बार होली में

-आनन्द,पाठक ’आनन’-
इस ग़ज़ल को मेरे यू-ट्यूब चैनेल -आवाज़ का सफ़र - में
यहाँ सुने--






शुक्रवार, 3 फ़रवरी 2017

गीत 60 : जाने क्यों ऐसा लगता है....------

एक गीत : जाने क्यों ऐसा लगता है....

जाने क्यों ऐसा लगता है
कटी कटी सी रहती हो तुम -सोच सोच कर मन डरता है 
जाने क्यों ऐसा लगता है 

कितना भोलापन था तेरी आँखों में जब मैं था खोता
बात बात में पूछा करती -"ये क्या होता? वो क्या होता?"
ना जाने क्या बात हो गई,अब न रही पहली सी गरमी 
कहाँ गया वो अल्हड़पन जो कभी बदन मन कभी भिगोता

चेहरे पर थी, कहाँ खो गई प्रथम मिलन की निश्छ्लता है 
जाने क्यों ऐसा लगता है...................

कभी कहा करती थी ,सुमुखी !-"सूरज चाँद भले थम जाएं
ऐसा कभी नहीं हो सकता ,तुम चाहो औ’ हम ना आएं "
याद शरारत अब भी तेरी ,बात बात में क़सम  दिलाना
भूली बिसरी यादों के अब बादल आँखे  नम कर जाएं

ये सब कहने की बातें हैं  ,कौन भला किस पर मरता है
जाने क्यों ऐसा लगता है ...................

करती थी तुम   "ह्वाट्स एप्" पर सुबह शाम की सारी बातें
अब तो होती ’गुड् मार्निंग’- गुड नाईट " बस दो ही बातें
जाने किसका शाप लग गया ,ग्रहण लग गया हम दोनों पर
जाने  कितनी देर चलेंगी   उथल पुथल ये झंझावातें

निष्फ़ल न हो जाएं मेरे ’आशीष वचन" अब मन डरता है
कटी कटी सी रहती हो तुम्-जाने क्यों ऐसा लगता है
सोच सोच कर मन डरता है---------------------

-आनन्द.पाठक-


ह्वाट्स एप्"  =WhatsApp