मंगलवार, 23 जून 2020

ग़ज़ल 148 : ज़िन्दगी ना हमारी हुई आजतक ---

बह्र - मुतदारिक मुसम्मन सालिम मुज़ाअफ़ 
फ़ाइलुन ---[8-बार ]
212---212---212---212--212--212--212--212
-----------------------

ग़ज़ल 148 : ज़िन्दगी ना हमारी हुई आजतक ---

ज़िन्दगी ना हमारी हुई आजतक ,और हम ना  कभी ज़िन्दगी के हुए     ,
अपनी शर्तों पे जीते रहे उम्र भर ,दिल को इस में ख़ुशी थी, ख़ुशी के हुए ।

धूप मुट्ठी में कब बाँध पाया कोई ,जो कि तुम अब चले हो इसे बाँधने   ,
इस भरम में रहे मुबतिला उम्र भर ,गुमरही में रहे  बेदिली  के हुए  ।

झूठ की राह में सच मिलेगा नहीं ,और सच से तुम्हें वास्ता भी नहीं ,
तुम तमाशा दिखाते रहे बारहा और हम थे कि क़ायल उसी के हुए  ।

’आप’ लाने को सूरज गए थे कभी ,हाथ में एक परचम नया जोश था ,
राह में ’एक कुरसी दिखी ’आप’ को  ,छोड़ कर रोशनी ,तीरगी के हुए ।

हैं बहारें ,फ़िज़ाएँ ,चमन और भी ,रोशनी के मनाज़िर नए और भी ,
तुम अँधेरों से यारी निभाते रहे ,लाख चाहा ,न तुम रोशनी के हुए  ।

आलम-ए-खाक मे दिल रहा अजनबी ,हम भटकते रहे बस इधर से उधर ,
इक जज़ा की तमन्ना रही साथ में ,रफ़्ता रफ़्ता रह-ए-आगही के हुए    ।

तुम में ’आनन’ यही बस बुरी बात है ,राह चलते कहीं जो कोई मिल गया  ,
कुछ भी देखा नहीं ,कुछ भी जाना नहीं ,प्यार से जो मिला तुम उसी के हुए  ।



आनन्द.पाठक-
To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp

गुरुवार, 28 मई 2020

ग़ज़ल 147 बात दिल पे लगा के

- बह्र-ए-ख़फ़ीफ़ मुसद्दस मख़्बून महज़ूफ़
2122---1212---22
फ़ाइलातुन---मफ़ाअ’लुन--फ़अ’ लुन
------------------

ग़ज़ल  147 : बात दिल पे लगा के--

बात दिल पर लगा के बैठे हैं
हाय ! वो ख़ार खा के बैठे हैं

ज़ख़्म-ए-दिल हम दिखा रहें हैं इधर
वो उधर मुँह फ़ुला के बैठे हैं

ग़ैर को आप का करम हासिल
सोज़-ए-दिल हम दबा के बैठे हैं

देखते हैं कि क्या असर उन पर ?
हाल-ए-दिल हम सुना के बैठे हैं

रुख़ से पर्दा ज़रा हटा उनका
होश हम तो गँवा के बैठे हैं

राह-ए-दिल से कभी वो गुज़रेंगे
हम इधर सर झुका के बैठे हैं

इश्क़ में होश ही कहाँ ’आनन’
खुद ही ख़ुद को भुला के बैठे हैं

-आनन्द,पाठक---

शब्दार्थ
सोज़-ए-दिल = दिल की आग प्रेम की
                  = प्रेमाग्नि
To visit my channel CLICK the LINK below
www.youtube.com/@33akp

शुक्रवार, 22 मई 2020

ग़ज़ल 146 : क़ातिल के हक़ में

बह्र-ए-मुज़ारे’ मुसम्मन अख़रब मकफ़ूफ़ महज़ूफ़
मफ़ऊलु---्फ़ाअ’लातु---मफ़ाईलु-- फ़ाअ’लुन
221---------2121---------1221-------2 1 2

एक ग़ज़ल : क़ातिल के हक़ में ---

क़ातिल के हक़ में लोग रिहाई में आ गए
अंधे  भी   चश्मदीद   गवाही   में  आ गए

तिनका छुपा हुआ  है जो  दाढ़ी  में आप के
पूछे बिना ही आप सफ़ाई  मे आ गए

कुर्सी का ये असर है कि जादूगरी कहें
जो राहज़न थे  राहनुमाई में  आ गए

अच्छे दिनों के ख़्वाब थे आँखों में पल रहे
आई वबा तो दौर-ए- तबाही में आ गए

मुट्ठी में इन्क़लाब था सीने में जोश था
वो सल्तनत की पुश्तपनाही में आ गए

बस्ती जला के सेंक सियासत की रोटियाँ
मरहम लिए वो रस्म निबाही में आ गए

ऐ राहबर ! क्या ख़ाक तेरी रहबरी यही
हम रोशनी में थे कि सियाही में आ गए

’आनन’ तू खुशनसीब है पगड़ी तो सर पे है
वरना तो लोग बेच कमाई में आ गए

-आनन्द.पाठक-

वबा = महामरी
पुश्तपनाही = पॄष्ठ-पोषण,हिमायत
सियाही में = अँधेरे में
मरहम     = मलहम
To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp