मंगलवार, 5 अप्रैल 2022

ग़ज़ल 224 [88 D]: एक रिश्ता जो ग़ायबाना है

 

ग़ज़ल 224[88D]

2122—1212—22

 

एक रिश्ता जो ग़ायबाना1 है ,
उम्र भर वह हमें निभाना है ।
 
इतनी ताक़त दे ऎ ख़ुदा मेरे !
आज उनसे नज़र मिलाना है ।
 
शेख जी ! फिर वही रटी बातें ?
और क्या कुछ नया बताना है ?
 
रंग-सा घुल गई समन्दर में ,
बूँद का बस यही फ़साना है ।
 
वो पुकारेगा जब कभी मुझको,
काम हो लाख , छोड़ जाना है।
 
तेरी आदत वही पुरानी है -
ज़ख़्म देकर के भूल जाना है ।
 
बात सबकी सुना करो ’आनन’ ,
जो कहे दिल वो आज़माना है ।
 

-आनन्द.पाठक-

 To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp

1-    1- परोक्ष में. छिपा छिपा

सोमवार, 4 अप्रैल 2022

ग़ज़ल 223 [87 D]: अनाड़ी था नया था राहबर

 

ग़ज़ल 223 [87D]

1222---1222---1222---1222


अनाड़ी था, नया था, राहबर था बदगुमाँ मेरा
कि उसकी रहबरी में लुट गया है कारवाँ मेरा
 
धुआँ जब फेफड़ॊ में था, जलन आँखों में थी उसकी
 मिली जी भर खुशी उसको जला जब आशियाँ मेरा
 
ज़माने की हवाओं से मुतासिर हो गया वह भी
कि अपनी पीठ खुद ही थपथापाता हमज़ुबाँ मेरा
 
चमन मेरा, वतन मेरा, सभी मिल बैठ कर सोचें
जहाँ तक भी हवा जाए ,ये महके गुलसिताँ मेरा
 
ग़म-ए-दौरां, ग़म-ए-जानाँ, कभी मज़लूम के आँसू
यही हर्फ़-ए-सुख़न मेरा, यही रंग-ए-बयाँ  मेरा
 
अगर दिल तोड़ दे कोई, बिना पूछे चले आना
मुहब्बत से भरा है दिल ये बह्र-ए-बेकराँ1  मेरा
 
कहाँ मिलता है कोई अब यहाँ दिल खोल कर ’आनन’
किसे फ़ुरसत पड़ी है जो सुने दर्द-ए-निहां2 मेरा

 

 

-आनन्द.पाठक-

 To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp

1-     अत्यधिक, असीम सागर 2- दिल का छिपा हुआ दर्द

 

रविवार, 20 मार्च 2022

रिपोर्ताज़ 11 : एक सूचना --अनुभूतियों के रंग

 रिपोर्ताज़ 11 : एक सूचना --अनुभूतियों के रंग

                            -- एक सूचना--


 

मित्रों !

 

 आप लोगों के आशीर्वाद से , मेरॊ नौवीं [9-वीं] पुस्तक] ---अनुभूतियों के रंग--मुद्रण हेतु प्रेस में चली गई है ।
उमीद है कि इस महीने के अन्त  तक प्रकाशित हो जाएगी  । तबतक उस पुस्तक का

आवरण-पृष्ठ आप लोगों से साझा कर रहा हूँ ।

 

-अनुभूतियों के रंग-एक गीति-काव्य संग्रह हैं जिसमें लगभग 450 [ 4-4- लाइनों के ] स्वतन्त्र गेय पद हैं जो समय समय पर दिल में उभरती गईं। इन्हीं अनुभूतियों

को शाब्दिक रूप देने का एक प्रयास मात्र किया है, शायद आप लोगों को पसन्द आए।


इन अनुभूतियों के रंग अलग अलग  हैं --हर्ष के विषाद के
, मिलन के भी  विरह के भी । इकरार के भी, इनकार के भी । ग़म-ए-जानाँ के भी ,ग़म-ए-दौरां के भी।

संक्षेपत: आप यूँ समझ लें --

 

भावनाएँ कभी बन गई तितलियाँ

वेदनाएँ तड़प कर बनी बिजलियाँ

जब न पीड़ा मेरी ढल सकी शब्द में

बन के आँसू ढली मेरी 'अनुभूतियाँ'

 

इन में से कुछ अनुभूतियाँ समय पर इस मंच पर लगाता रहा हूँ और आप लोगो का आशीर्वाद प्राप्त होता रहा है ।

फ़िलवक़्त इसी संग्रह से कुछ अनुभूतियाँ आप के अवलोकनार्थ यहाँ लगा रहा हू॥

पुस्तक छपने के बाद -इस पर विस्तार से और चर्चा करूँगा।

 

क़तरा क़तरा दर्द हमारा

हर क़तरे में एक कहानी

शामिल है इसमे दुनिया की

मिलन-विरह की कथा पुरानी ।


 

 

जीवन पथ का राही हूँ मैं,

एक अकेला कई रूप में

आजीवन चलता रहता हूँ,

कभी छांव में, कभी धूप में।

 

 

प्रश्न तुम्हारा वहीं खड़ा है

मैं ही उत्तर ढूँढ न पाया,

ज्ञान-ध्यान क्या दर्शन क्या है

मूढ़मना को समझ न आया |

 

 

जाना ही था, कह कर जाती

दिल के टुकड़े चुन कर जाती

मेरी भी क्या थी मजबूरी 

कुछ तो मेरी सुन कर जाती ।

 

 

वह एक ’कल्पना’  कि ’प्रेरणा’

कौन बसी है? ज्ञात नहीं है,

जीवन भर की "अनुभूति" है

पल-दो पल की बात नहीं है ।

 

सादर

 

-आनन्द.पाठक-

88009 27181