रविवार, 7 मई 2017

चन्द माहिया : क़िस्त 38

चन्द माहिया : क़िस्त 38 ओके
:1:
 जिनका हूँ दीवाना
देख रहें वो
जैसे मैं  बेगाना

:2:
कोरी न चुनरिया है
कैसे मैं आऊँ ?
खाली भी गगरिया है

;3:
कुछ भी तो नही लेती
ख़ुशबू गुलशन की
फूलों का पता देती

:4:
दुनिया का मेला है
सब अपने ही हैं
दिल फिर भी अकेला है

5
केसर की क्यारी में
ज़हर उगाने की
सब क्यों तैय्यारी में 



-आनन्द.पाठक-
[सं 15-06-18]

शुक्रवार, 28 अप्रैल 2017

चन्द माहिए : क़िस्त 39

चन्द माहिए : क़िस्त 39 ओके


:1:

वो ख़्वाब दिखाते हैं
जन्नत के हक़ में
जन्नत ही जलाते हैं

:2;

नफ़रत ,शोले ,फ़ित्ने
बस्ती जली किसकी
रोटी सेंकी ,किसने ?

:3:

ये कैसी सियासत है ?
धुन्ध ,धुँआ केवल
ये किस की विरासत है?

;4:

रहबर बन कर आते
छोटे बच्चों से
पत्थर हैं चलवाते 

5
 यह इश्क़ इबादत है
 दैर-ओ-हरम दिल है
फिर किसकी ज़ियारत है

-आनन्द.पाठक-

[सं 15-06-18]


शनिवार, 22 अप्रैल 2017

गीत 062 :कैसे कह दूँ कि अब तुम-


एक  युगल   गीत 

कैसे कह दूँ कि अब तुम बदल सी गई
वरना क्या  मैं समझता नहीं  बात क्या !

एक पल का मिलन ,उम्र भर का सपन
रंग भरने का  करने  लगा  था जतन
कोई धूनी रमा कर गया छोड़ कर
लकड़ियाँ कुछ हैं गीली बची कुछ अगन

कोई चाहत  बची  ही नहीं दिल में  अब
अब बिछड़ना भी  क्या ,फिर मुलाक़ात क्या !
वरना क्या मैं समझता----

यूँ जो नज़रें चुरा कर गुज़र जाते हों
सामने आने से तुम जो कतराते हो
’फ़ेसबुक’ पर की ’चैटिंग’ सुबह-शाम की
’आफ़-लाइन’- मुझे देख हो जाते हो

क्यूँ न कह दूँ कि तुम भी बदल से गए
वरना क्या मैं समझती नहीं राज़ क्या !

ये सुबह की हवा खुशबुओं से भरी
जो इधर आ गई याद आई तेरी
वो समय जाने कैसे कहाँ खो गया
नीली आंखों की तेरी वो जादूगरी

उम्र बढ़ती गई दिल वहीं रह गया
ज़िन्दगी से करूँ अब सवालात क्या !
वरना क्या मैं समझता नहीं-------

ये सही है कि होती हैं मज़बूरियाँ
मन में दूरी न हो तो नहीं  दूरियाँ
यूँ निगाहें अगर फेर लेते न तुम
कुछ तो मुझ में भी दिखती तुम्हें ख़ूबियाँ

तुमने समझा  मुझे ही नहीं आजतक
ना ही समझोगे होती है जज्बात क्या !

वरना क्या मैं समझती नहीं--------

-आनन्द.पाठक-
इस गीत को मेरे यू-ट्यूब चैनेल - आवाज़ का सफ़र -पर सुन सकते हैं