सोमवार, 29 मई 2017

चन्द माहिया: क़िस्त 46

माहिए : क़िस्त : 46 ओके

:1:
रेती पे घरौंदे हैं
बह जाते सपने
लहरों ने रौंदे हैं

:2:
खुशियाँ हैं,पसीना है
जीने का मतलब
हर रंग में जीना है

:3:
क्यों बात कही आधी?
और सुना माही!
है रात अभी बाक़ी

:4:
यूँ तो सब से नाता
कौन हुआ किसका
जब वक़्त बुरा आता

:5:
आजीवन क्यों क्रन्दन
ख़ुद ही बाँधा है
 माया का जब  बन्धन



-आनन्द.पाठक--
[सं 15-06-18]

बुधवार, 24 मई 2017

एक ग़ज़ल 87 [33]: मेरे भी फ़ेसबुक पे-- [ मज़ाहिया ]


221----2121------1221-----212
मज़ारिअ मुसम्मन अख़रब मक्फ़ूफ़ महज़ूफ़
मफ़ऊलु----फ़ाइलातु--- मफ़ाईलु---फ़ाइलुन
-----------------------------------------------
एक [मज़ाहिका ]ग़ज़ल :-



मज़ाहिया ग़ज़ल 
221--2121--1221--212

मेरे भी ’फ़ेसबुक’ पे कदरदान हैं बहुत 
ख़ातून भी, हसीन मेहरबान हैं बहुत   ।

’रिक्वेस्ट फ़्रेंडशिप’ पे हसीना ने यह कहा
" लटके हैं पाँव कब्र में , अरमान हैं बहुत" ।

’अंकल न प्लीज बोलिए, ऎ मेरी नाज़नीन !
’अंकल’ भी आजकल के ये शैतान हैं बहुत ।

बुर्के की खींच ’सेल्फ़ियाँ’ दे के कह उठीं
’इतने ही आप के लिए सामान हैं बहुत ।

’ह्वाट्स’ पे सुबह शाम गुटरगूँ को देख कर
टपकाए लार शेख़ , परेशान हैं बहुत ।

बेगम ने जब ग़ज़ल सुनी , बेलन उठा, कहा
आवारगी के तेरी समाधान हैं बहुत ।

आदत नहीं गई है ’रिटायर’ के बाद भी 
’आनन’ पिटेगा तू कभी इमकान हैं बहुत ।

--

टकले से मेरे गाल पे हुस्ना, न जाइयो
पिचके हों भले गाल, मेरी शान हैं बहुत।

पहलू में आ के भी तो जरा बैठिए हुज़ूर !
बाक़ी मेरे इमान मे भी जान है  बहुत ।

-आनन्द पाठक-
इमकान = संभावनाएँ

To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp


रविवार, 21 मई 2017

चन्द माहिया : क़िस्त 40

चन्द माहिया : क़िस्त 40 ओके

:1:
जीवन की निशानी है
रमता जोगी है
और बहता पानी है

;2:
मथुरा या काशी क्या
मन ही नहीं चमका
घट क्या ,घटवासी क्या

:3:
ख़ुद को देखा होता
मन के दरपन में
तो सच का पता होता

:4:
बेताब न हो , ऎ दिल !
लौ तो जगा पहले
फिर जा कर उन से मिल

5
इतना ही समझ लेना
 मै हूँ तो तुम हो
 क्या और सनद देना



-आनन्द.पाठक-
[सं 15-06-18]