रविवार, 6 मार्च 2022

गीत 73 [09] : माँ मेरे सपनों में आती--

कहते है माँ पर लिखी कोई कविता पूरी नहीं होती
 --सतत चलती रहती है ---
माँ पर लिखी कविता अधूरी ही रहती है और अधूरी रहेगी
- समय समय पर कुछ न कुछ पद जुड़ता ही चला जाता है और जुडता जाता ही रहेगा ]

 गीत 73

[Mother's Day पर कुछ पंक्तियाँ ----]

माँ मेरे सपनों में आती
सौम्य मूर्ति देवी की जैसी, आकर ममता छलका जाती....
माँ मेरे सपनों में आती ---

कितनी धर्म परायण थी , माँ
करूणा की वातायन थी , माँ
समय शिला पर अंकित जैसे
घर भर की रामायन थी , माँ

जब जब व्यथित हुआ मन भटका जीवन के एकाकीपन में...
स्नेहसिक्त आशीर्वचन , माँ मुझ पर आ कर बरसा जाती....
माँ मेरे सपनों में आती,....
.
साथ सत्य का नहीं छोड़ना
चाहे हों घनघोर घटाएँ
दीन-धरम का साथ निभाना
चाहे जितनी चलें हवाएँ

एक अलौकिक ज्योति पुंज-सी शक्ति-स्वरूपा सी लगती है
समय समय पर सपनों में माँ आकर मुझको समझा जाती
माँ मेरे सपनों में आती ---

घात लगाए बैठी दुनिया
सजग तुम्हें ही रहना होगा
जीवन पथ पर बढ़ना है तो
तुम्हें स्वयं ही लड़ना होगा

यहाँ रहे या वहाँ रहे माँ, जहाँ रहे बस माँ होती है
अपने आँचल की छाया कर सर पर मेरे फ़ैला जाती
माँ मेरे सपनों में आती ---

उहापोह में या संशय में
बीत रहे होतें है जब दिन
क्या अनुचित है, क्या न उचित है
राह न कोई सूझे मां बिन

ग़लत राह पर कभी न चलना.चाहे जितना अर्थ-लाभ हो ,
यह मत करना, वह मत करना, राह मुझे माँ दिखला जाती
माँ मेरे सपनों में आती---

होली हो या दीवाली हो
घर में कोई अनुष्ठान हो
सदा यही कहती रहती माँ
नेक नियम से विधि विधान हो

बन्धु-बान्धव, रिश्ते-नाते,यथा शक्ति हो सके निभाना ।
स्नेह सिक्त बातों से मुझको, समय समय पर बतला जाती
माँ मेरे सपनों में आती---


-आनन्द.पाठक-


ग़ज़ल 219 [84] : सितम मुझ पर हज़ारो थे--

 1222---1222---1222---1222


ग़ज़ल 219 [84\


सितम मुझ  पर हज़ारों थे, उन्हे जोर आज़माना था
मुहब्बत में फ़ना हो कर. वहीं मुझको दिखाना था

यहाँ हर मोड़ पर बैठे , शिकारी जाल फैलाए
कमाल अपना हुनर अपना कि खुद बचना बचाना था

जहाँ कुछ राख की ढेरी  नज़र आए समझ लेना, 
इसी गुलशन में मेरा भी वहीं इक आशियाना था

गरज़ उसकी पड़ी अपनी तुम्हारी जी हज़ूरी की
यहाँ पर कौन अपना था किसे वादा निभाना था 

उमीद उनसे लगाई थी वो आयेंगे इयादत को
कि उनके पास पहले ही न आने का बहाना था

लगी जब आग बस्ती में बुझाने लोग आए थे
वहीं कुछ लोग ऐसे थे जिन्हें ’सेल्फ़ी’ बनाना था

कहाँ की बात करते हो कि ’कलयुग’ आ गया ’आनन’
किताबों में पढ़ा होगा कि ’सतयुग’ का ज़माना था 


-आनन्द.पाठक-

To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp

बुधवार, 2 मार्च 2022

ग़ज़ल 218 : तुमको न हो यक़ीन मुझे तो यक़ीन है

 ग़ज़ल 218

221--2121---1221--212

तुमको न हो यक़ीन, मुझे तो यक़ीन है
तुम-सा ही कोइ दिल में निहाँ नाज़नीन है

तेरा हुनर कि ख़ाक से मुझको बना दिया
फिर यह ज़मीन तेरी  कि मेरी ज़मीन है

जिस राह से जो उनकी कभी रहगुज़र रही
उस राह की महक अभी ताज़ातरीन है

फ़ुरसत नहीं मिली कि जो देखूँ मैं ज़िन्दगी
वरना तो हर लिहाज़ से लगती हसीन है

दीदार  तो हुआ नही ,चर्चे बहुत सुने
सुनते हैं सब के दिल में वही इक मकीन है

फ़िरदौस की जो हूर हैं ,ज़ाहिद तुम्ही रखो
मेरा हसीन यार तो ख़ुद महज़बीन है

’आनन’ तमाम उम्र इसी बात में कटी
हर शय में वो ज़हूर कि पर्दानशीन है ?


-आनन्द.पाठक-

To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp