गुरुवार, 31 दिसंबर 2009

गीत 022 : नववर्ष तुम्हारा अभिनन्दन ......


गीत 022 

हे आशाओं के प्रथम दूत ! नव-वर्ष तुम्हारा अभिनन्दन

सौभाग्य हमारा है इतना
इस संधि-काल के साक्षी हैं
जो बीता जैसा भी बीता
पर स्वर्ण-काल आकांक्षी है

यह भारत भूमि हमारी भगवन! हो जाए कानन-नंदन
नव-वर्ष तुम्हारा............

ले आशाओं की प्रथम किरण
हम करें नए संकल्प वरण
हम प्रगति-मार्ग रखते जाएँ
विश्वास भरे नित नए चरण

भावी पीढ़ी कल्याण हेतु आओ मिल करे मनन -चिंतन
नव-वर्ष तुम्हारा ............

अस्थिर करने को आतुर हैं
कुछ बाह्य शक्तियाँ भारत को
आतंकवाद का भस्मासुर
दे रहा चुनौती ताकत को

विध्वंसी का विध्वंस करें ,हम करे सृजन का सिरजन
नव-वर्ष तुम्हारा..................

लेकर अपनी स्वर्णिम किरणें
लेकर अपना मधुमय बिहान
जन-जग मानस पर छा जाओ
हे ! मानव के आशा महान

हम स्वागत क्रम में प्रस्तुत है , ले कर अक्षत-रोली-चंदन
नव-वर्ष तुम्हारा ,....

हम श्वेत कबूतर के पोषक
हम गीत प्रेम का गाते है
हम राम-कृष्ण भगवान्
बुद्ध का चिर संदेश सुनाते हैं

'सर्वे भवन्तु सुखिन:' कल्याण विश्व का संवर्धन
नव-वर्ष तुम्हारा ..........

-आनन्द पाठक ’आनन’

880092 7181


शनिवार, 19 दिसंबर 2009

एक ग़ज़ल 008 [18 A]: ईमान कहाँ देखा .....!

मफ़ऊलु--मफ़ाईलुन // मफ़ऊलु--मफ़ाईलुन
221-----------1222 //221------------1222 
बह्र-ए-हज़ज मुसम्मन अख़रब मकफ़ूफ़ ,मक्फ़ूफ़ मुख़्ख़निक सालिम अल आख़िर 

एक ग़ज़ल - 008[18 A]-


ईमान कहाँ देखा, इरफ़ान1 कहाँ देखा
गो, शहर बहुत देखे, इंसान कहाँ देखा !

अबतक जो मिले मुझसे, थे दर्द भरे चेहरे
’उपमेय’ बहुत देखे,’ ’उपमान’ कहाँ देखा !

गमलों की उपज वाले, माटी से कटे थे लोग
गो, नाम बहुत ऊँचे, ईमान कहाँ देखा !

हँसने की प्रतीक्षा में, क्या क्या न सहे मैने
अभिशाप बहुत ढोए, वरदान कहाँ देखा !

माथे पे शिकन देखे, पत्थर की तरह चेहरे ,
आँखों में व्यथा ठहरी, अवसान कहाँ देखा !

अमरित की प्रतिष्ठा में ,आचरण बहुत देखे
शंकर की तरह लेकिन, विषपान कहाँ देखा !

दरया का समन्दर तक, जीवन का सफ़र ’आनन’
उलझन से  भरा रस्ता, आसान कहाँ देखा !




-आनन्द.पाठक ’आनन’


To visit my channel CLICK the Link below
www.youtube.com/@33akp








रविवार, 13 दिसंबर 2009

गीत 021 : मैं प्यार माँगता हूँ .......

एक गीत 021 : मैं प्यार माँगता हूँ......

मैं प्यार माँगता हूँ ,अधिकार माँगता हूँ !

जीवन के इस सफ़र में
श्वासों के इस भँवर में

टूटे हुए सपन का श्रृंगार माँगता हूँ
मैं प्यार माँगता हूँ........

आदर्श के सहारे
लूटी गईं बहारें

उजड़ी हुई गली का गुलजार माँगता हूँ
मैं प्यार माँगता हूँ........

दे दो कदम सहारा
क्यों कर लिया किनारा

अनजान ग़लतियों को स्वीकार मानता हूँ
मैं प्यार माँगता हूँ........

यादों को साथ लेकर
स्वप्निल बरात लेकर

मधुयामिनी मिलन का उपहार माँगता हूँ
मैं प्यार माँगता हूँ........

-आनन्द पाठक ’आनन’-