सोमवार, 5 अगस्त 2024

ग़ज़ल 414 [66 फ़] : इश्क़ करना बुरा नहीं होता

 414 [66 फ़]                               

2122---1212---22-


इश्क़ करना बुरा नहीं होता ,
हर बशर बावफ़ा नहीं होता ।

हुस्न कब आ के दिल चुरा लेगा
दिल को भी ये पता नहीं होता ।

आप के दर तलक कईं राहें
एक ही रास्ता नहीं होता ।

बात मैं क्या सुनूँ तेरी ज़ाहिद ,
दिल ही जब आशना नहीं होता ।

प्यास कोई अगर नहीं होती
आदमी फिर चला नहीं होता ।

दिल अगर खोल कर जो हम रखते
लौट कर वो गया नहीं होता ।

दरहक़ीक़त यह बात है ’आनन’ 
इश्क़ का मरहला नहीं होता ।


-आनन्द.पाठक-

कोई टिप्पणी नहीं: