शुक्रवार, 2 अगस्त 2024

ग़ज़ल 410 [64 A] : खुलने दो खिड़कियों को ,--

 ग़ज़ल 410 [64 A]--OK

221---2122---// 221---2122


 

खुलने दो खिड़कियों को, ताजी हवा तो आए
महका हुआ है गुलशन, नग़्मे नए सुनाए ।
 
माना कि पर कटे हैं, दिल में तो हौसले हैं .
कह दो ये आसमाँ से, हमको न आजमाए ।
 
हर शाम राह देखी , रख्खे दिए जला कर ,
अब याद भी नहीं है, कितने दिये जलाए ।
 
दीदार का सफ़र भी, आसान तो नहीं था
दीवानगी ने मुझकॊ, क्या क्या न दिन दिखाए ।
 
चेहरे तमाम चेहरे , सब एक-से हैं दिखते ।
किसको सही कहे दिल. किसको ग़लत बताए।
 
महफ़िल सज़ा करेगी , कुछ लोग जब न होंगे ,
उनको भी याद करना , जो लौट कर न आए ।
 
शायद समझ गया वो, अंजाम-ए-इश्क़ क्या है,
जब प्यार में हम ’आनन’, ख़ुद को मिटा के आए ।

 

 

 

 

 

 

 


-आनन्द.पाठक-

कोई टिप्पणी नहीं: